विकलांग दूल्हा देख वधू पक्ष ने विदा करने से किया इन्कार

 पुलिस ने मध्यस्थता कर दोनों पक्षों का वापस कराया सामान
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बीती रात आई बारात की रस्में सकुशल सम्पन्न हो जाने के बाद सुबह विकलांग दूल्हे को देख दुल्हन भडक़ गयी और उसने विदा से इन्कार कर दिया। जिससे अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मध्यस्थता कर दोनों पक्षों का सामान वापस करा दिया। बाद में दूल्हा पक्ष के लोग अपने घर चले गये।
जानकारी के अनुसार कस्बा नवाबगंज निवासी श्रीनिवास जाटव की पुत्री आरती की शादी जनपद एटा के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव बिलसड़ निवासी प्रेमचंद जाटव के पुत्र ललित कुमार से तय हुई थी। तय समय के अनुसार बीती रात ललित कुमार बारात लेकर आया। इस दौरान विवाह की सभी रस्में नवाबगंज के मोहम्मदाबाद रोड स्थित माया गेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई। धूमधाम से बारात चढ़ी। वरमाला, भांवर कार्यक्रम सकुशल निपटे। सुबह दूल्हा ने दुल्हन के मांग में सिंदूर भी भर दिया। इसके बाद दुल्हन के परिजनों ने एकाएक आरोप लगा दिया कि दूल्हा विकलांग है और विदा करने से इनकार कर दिया। दोपहर तक आपस में बातचीत चलती रही, लेकिन बात नहीं बनी। जिस पर दूल्हा पक्ष के लोग दूल्हे को लेकर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे से अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कस्बा इंचार्ज दरोगा गिरीशचंद्र, क्राइम इंस्पेक्टर संजय सिंह पुलिस बल के साथ दुल्हन के घर पहुंचे और मामले में बातचीत की। बातचीत के बाद भी बात नहीं बनी, तभी थाना पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर आई। जिसमें दूल्हा-दुल्हन भी थाने आए, लेकिन दुल्हन लगातार इंकार करती रही। वहीं दूल्हा तथा दूल्हा की मां रोते हुए दुल्हन के परिजनों से विदा करने की मांग करते रहे, लेकिन उन्होंने एक न मानी। तब जाकर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से एक दूसरे का सामान वापस कराकर घर जाने की सलाह दी। जिसमें दोनों पक्षों ने एक दूसरे का सामान वापस दे दिया और दूल्हा गमजदा हालत में अपने परिजनों के साथ घर वापस लौट गया। वहीं दुल्हन अपने परिजनों के साथ अपने घर वापस चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *