समृद्धि न्यूज। बिहार में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बिहार के डीजीपी विनय कुमार बताकर खगडिय़ा के एसपी राकेश कुमार से रुपये ठगने की कोशिश कर रहे थे। साइबर उपाधीक्षक निशांत गौरव ने सोमवार को बताया कि एसपी राकेश कुमार के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप संदेश आया, जिसमें खुद को डीजीपी बताने वाले व्यक्ति ने बैंक खाता और यूपीआई के जरिये पैसे की मांग की। आरोपी बार-बार पैसे की मांग कर रहा था और मांग की राशि बढ़ा रहा था। एसपी राकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया और साइबर डीएसपी निशांत गौरव के नेतृत्व में उप निरीक्षक चंद्रकांत कुमार और सिपाही गुलशन कुमार ने जांच शुरू की। जांच के आधार पर टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान मधुकांत कुमार पुत्र ब्रह्मानंद ठाकुर निवासी अजमतपुर वार्ड-09, थाना बैराटी, वैशाली व दूसरे की पहचान निखिल कुमार उर्फ निकिल पुत्र हेमंत कुमार पासवान निवासी लारूई हुसैनावाद थाना बैराटी वैशाली के रूप में की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे एक साइबर ठगी गिरोह से जुड़े हैं। यह गिरोह लोगों को लालच देकर उनके नाम पर मोबाइल सिम और बैंक खाते खुलवाता था और बाद में उन्हीं का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी में करते थे।
