समृद्धि न्यूज। इथियोपिया में 12 हजार साल बाद ज्वालामुखी फटा, जिसकी राख का बादल भारत की ओर बढ़ रहा है। डीजीसीए ने उड़ानों के लिए आपातकालीन एडवाइजरी जारी की है, जिससे दिल्ली-जयपुर समेत कई शहरों में हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। राख के कारण विजिबिलिटी कम हुई है, यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इथियोपिया के ज्वालामुखी से उठी विशाल राख की परत आज रात तक गुजरात, राजस्थान, दिल्लीए हरियाणा और पंजाब तक पहुंच सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार इससे आकाश धुंधला दिखेगा और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक, ज्वालामुखी के विस्फोट के बाद वायुमंडल में फैला राख का गुबार 100-120 किमी/घंटा की गति से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। यह 15,000-25,000 फीट से लेकर 45,000 फीट तक की ऊंचाई पर आगे बढ़ रहा है और इसमें ज्वालामुखी की राख, सल्फर डाइऑक्साइड और कांच और चट्टान के छोटे कण मौजूद हैं। ये भी चेतावनी दी गई है कि राख के कारण आसमान सामान्य से ज्यादा गहरा और धुंधला दिखाई दे सकता है। वहीं भारत की DGCA ने ओमान के ऊपर वॉल्कैनिक राख को देखते हुए विमानों के लिए एडवाइजरी जारी की जिसमें आपात संचालन की सलाह दी गई है। आसमान में फैले राख की वजह से हवाई जहाजों को भी दिक्कत हो रही है। इथियोपिया में जो ज्वालामुखी फटी है, उसके बारे में किसी को भी कोई जानकारी नहीं थी। यह अचानक रविवार को फट गई। इस घटना में अब तक किसी के भी घायल या फिर मरने की कोई खबर नहीं है, हालांकि लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासतौर पर सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
