रंगारंग कार्यक्रम के साथ सम्पन्न हुआ आर्मी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ का 18वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से रंगारंग कार्यक्रमों के बीच मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन एवं स्टेशन कमाण्डर सिखलाई रेजीमेण्ट सेण्टर के कमाण्डेण्ट ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन व वरिष्ठ निदेशक आवा अम्बिका जैन ने विद्यालय की शिक्षिका अनीता सिंह के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम का प्रारम्भ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के पूर्व प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने नृत्य के माध्यम से सभी आगन्तुक अतिथियों का स्वागत किया। प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा उत्तर पूर्व प्रान्तों अरुणाचल और मणिपुर के सांस्कृतिक सौन्दर्य को दर्शाता नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय के पूर्व माध्यमिक और उत्तर माध्यमिक छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किये गये। राजदरबारी क्लासिकल समूह गीत को दर्शकों ने खूब सराहा। वैदिक काल, मौर्य काल, मुग़ल काल, ब्रिटिश काल से आजादी तक भारत की यात्रा का वर्णन बच्चों ने अभिनय नृत्य प्रथम में प्रस्तुत किया। उधर अभिनय नृत्य द्वितीय में आगामी भारत की सोंच विजऩ 2047 को प्रस्तुत किया। बाल हास्य कवि सम्मेलन में विभिन्न हास्य कवियों के रूप में उनकी कविताओं को प्रस्तुत वाले बच्चों द्वारा पढ़ी गयी कविताओं से पूरा पाण्डाल ठहाकों से गूंज उठा। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन और अम्बिका जैन ने शैक्षिक स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले 31 विद्यार्थियों, सर्वश्रेष्ठ अनुशासित 64 विद्यार्थियों तथा बेस्ट टर्न आउट के लिए 64 छात्र- छात्राओं, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वालीबाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता विद्यालय की टीम को, 100 मीटर और 200 मीटर में स्वर्ण पदक विजेता वर्धान दीक्षित, शूटिंग में अनिरुद्ध बोस को, शतरंज में स्वर्ण पदक जीतने वाली सृष्टि यादव, शॉट पुट में पहला स्थान प्राप्त प्रशान्त यादव को सम्मानित किया। विज्ञान प्रदर्शनी में चयनित तीन प्रोजेक्ट गरुण नेत्र, स्कूल एसिस्टिंग मैनेजर (सैम) और मशीन लर्निंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बनाने वाले बच्चों की टीम को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने कहा कि विद्यालय के बच्चों को तैयार करने में शिक्षकों द्वारा किये गये प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इन मिट्टी के घड़े रूपी बच्चों को उन्हें सही स्वरूप देने में कुम्हार रूपी शिक्षकों का महत्त्वपूर्ण योगदान होता है, परन्तु अभिभावकों के सहयोग के बिना यह सम्भव नहीं है। बच्चे स्वप्न देखें और उनको पूरा करने का प्रयास करें। मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव ने सभी आगन्तुक अतिथियों एवं मीडिया का उनके योगदान के लिये आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन नविता शारदा, दक्ष, आरजू राठौर, दीप्ति, वैष्णवी और चर्चित ने किया। इस अवसर पर कई सैन्य अधिकारी तथा अभिभावक उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *