पांच दिन पूर्व घर से हुआ था लापता, पुलिस जांच में जुटी
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। बीते पांच दिन पूर्व लापता हुए बालक का शव रविवार को आलू के खेत में पड़ा मिला। उसकी हत्या कर शव आलू के खेत में फेंका गया। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गयी है।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज के ग्राम कोरीखेड़ा निवासी चन्द्रप्रकाश गुप्ता ने अपने पुत्र ०९ वर्षीय आशुतोष गुप्ता उर्फ अंशू की गुमशुदगी की तहरीर थाना जहानगंज में दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की थी। परिजनों के अनुसार बीते बुधवार 10 दिसम्बर को शाम लगभग 5:30 बजे आशुतोष घर से बिना बताए बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। देर शाम तक उसकी कोई खबर न मिलने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर खेतों, रास्तों, नजदीकी गांवों और संभावित स्थानों पर खोज की, लेकिन बालक का कोई पता नहीं चल सका। बीते दिन सीसीटीवी भी पुलिस नें खंगाले और कन्नौज की डॉग स्क्वाड से भी कोई सुराग नहीं लगा था। रविवार को थाना जहानगंज के ग्राम कोरीखेड़ा निवासी रामस्वार्थ के खेत में गांव के कोटेदार पवन राजपूत पानी लगाने गये, तो देखा कि खेत में एक बालक का कोट पड़ा है। जिस पर पवन ने लापता बालक आशुतोष के चाचा आदेश को सूचना दी। सूचना पर लापता आशुतोष के परिजन पहुंचे और कोट की पहचान आशुतोष के कोट के रूप में की। जिसके बाद मौके पर भीड़ लग गयी। खोजबीन में आशुतोष का शव भरतापुर झंसी मार्ग पर रंजीत शाक्य के आलू के खेत में पड़ा मिला। मृतक की माँ पूनम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक एक बहन व तीन भाईयों में तीसरे नम्बर का था। मृतक की हत्या कर शव फेंका गया। थाना प्रभारी राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर आ गये। कुछ ही देर में फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बालक की हत्या कर शव आलू के खेत में फेंका
