समृद्धि न्यूज। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच पर यहूदी समुदाय के हनुक्का उत्सव के दौरान हुए भीषण गोलीकांड ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। इस आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या बढक़र 16 हो गई है। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी इलाके में यहूदी पर्व हनुक्का के दौरान हुई गोलीबारी ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है। इस हमले में 16 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक इजराइल का नागरिक भी शामिल है। घटना के बाद इजराइल के पीएम नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिलिस्तीन राज्य के समर्थन ने यहूदी विरोधी भावनाओं को भडक़ाया है। नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि मैनें पहले ही ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री को बताया था कि फिलिस्तीन राज्य की मांग यहूदी विरोधी आग और भडक़ेगी। इजराइल के पीएम के अनुसार सिडनी हमला उसी मानसिकता का नतीजा है, नेतन्याहू ने कहा कि गाजा युद्ध के बाद इजराइल की अंतरराष्ट्रीय आलोचना और फिलिस्तीन के समर्थन से दुनिया भर में यहूदी समुदाय को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ गई हैं। नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देने और हमास के खिलाफ इजराइल की सैन्य कार्रवाई की आलोचना से यह मैसेज जाता है कि हिंसा को सही ठहराया जा रहा है। इस हमले के बाद ऑस्ट्रेलिया में शोक और गुस्से का माहौल है। सरकार ने पीडि़तों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और दोषियों को सख्त सजा देने का भरोसा दिया है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब दुनियाभर में यहूदी समुदाय के खिलाफ हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं। बॉन्डी बीच गोलीकांड को ऑस्ट्रेलिया के इतिहास के सबसे खौफनाक हमलों में से एक माना जा रहा है।
