प्रदेश सरकार ने पेश किया 24496.98 करोड़ का अनुपूरक बजट

उत्तर प्रदेश में 15 हजार 189 करोड़ के निवेश प्रस्ताव को दी मंजूरी
लखनऊ, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 24,000 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त और संसदीय मामलों के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पेश किया। बजट को पहले कैबिनेट ने मंजूरी दी थी, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार सुबह आयोजित कैबिनेट की बैठक में 15 हजार 189.7 करोड़ के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके तहत मिर्जापुर, हरदोई, बुलंदशहर, रायबरेली, गौतमबुद्धनगर, सोनभद्र, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ में मेगा एवं सुपर मेगा श्रेणी की 12 औद्योगिक इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट एलओसी जारी किया जाएगा। औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने ये जानकारी दी।
प्रदेश सरकार ने कैबिनेट से पास कराने के बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में यह बजट प्रस्तुत किया, जिसका कुल आकार 24,496.98 करोड़ रुपये है। यह मूल बजट आठ लाख, आठ हजार करोड़ रुपये का लगभग 3.03 प्रतिशत है। इसमें राजस्व व्यय के लिए 18,369.30 करोड़ रुपये और पूंजीगत व्यय के लिए 6,127.68 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार की सुबह मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित मंत्री परिषद की बैठक में प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी वाला राज्य एवं औद्योगिक प्रदेश बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास की एक और सार्थक पहल दिखी। मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश आज देश का ग्रोथ इंजन बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश निवेश का प्रमुख गंतव्य बन कर उभरा है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में निवेशक प्रदेश में निवेश के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रत्येक निवेश प्रस्ताव को धरातल पर साकार करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एक.एक एमओयू को फॉलोअप करना और उसे मेच्योर होने तक निरन्तर प्रयास करना हमारी प्रतिबद्धता है। इसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश का प्रत्येक कोना औद्योगिक विकास की रौशनी से जगमगा रहा है। प्रत्येक निवेशक, प्रत्येक उद्यमी उत्तर प्रदेश का मित्र है। वह प्रदेश की औद्योगिक एवं आर्थिक विकास यात्रा का साथी है, सहयोगी है। इसी सोच और दृष्टि के साथ डबल इंजन वाली हमारी सरकार आगे बढ़ रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *