समृद्धि न्यूज। 10 साल के श्रवण सिंह को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मिलने के बाद सीएम भगवंत मान ने तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। सीएम मान ने कहा कि 10 साल का श्रवण सिंह पंजाबियों के लिए बड़े गर्व की बात है। फिरोजपुर के दस वर्षीय शवन सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। शवन सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों को पानी, दूध और लस्सी पहुंचाकर असाधारण साहस दिखाया था। उन्होंने बताया कि उन्हें यह सम्मान पाकर बहुत खुशी है। यह पुरस्कार बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाता है।
बताते चले कि श्रवण सिंह को मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनके असाधारण साहस, सूझबूझ और निस्वार्थ सेवा के लिए पहचाना गया है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर अत्यधिक तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच, श्रवण सिंह ने तैनात सैनिकों को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की थी। दुश्मन के ड्रोनों की निरंतर घुसपैठ और भारी तनाव के माहौल में, देशभक्ति के जज्बे से ओत-प्रोत होकर श्रवण प्रतिदिन अग्रिम चौकियों तक जाते थे। वे सैनिकों के लिए पानी, दूध, लस्सी, चाय और बर्फ जैसी आवश्यक सामग्री पहुंचाते थे। भारतीय सेना की गोल्डन ऐरो डिवीजन ने श्रवण की वीरता को पहले ही पहचाना था, सेना ने उसे सबसे छोटा नागरिक योद्धा घोषित कर सम्मानित किया था, जवानों के प्रति उसके लगाव को देखते हुए सेना ने उसकी शिक्षा का खर्च उठाया है।
