फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस व बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गयी। दूसरा बदमाश मौके का फायदा उठाकर भाग गया। गोली से घायल हुए बदमाश को पुलिस ने उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरे बदमाश की पुलिस ने तलाश शुरु कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक डा0 संजय कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर थाना कम्पिल पुलिस व स्वाट टीम कम्पिल क्षेत्र बरखिरिया पुलिया के पास बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चला रही थी। शनिवार रात्रि के समय पुलिस व स्वाट टीम चेकिंग कर रही थी, तभी दो संदिग्ध युवक बाइक से आते दिखायी दिये। जिन्हें रोकने का इशारा किया गया तो आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस ने जबावी फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गयी और वहीं गिर गया। पुलिस ने तुरन्त बदमाश को अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम इब्राहिम बताया। पुलिस ने बताया कि बदमाश गौकशी के आरोपी है और वह फरार चल रहा था। तलाशी में उसके पास से एक बाइक व एक अवैध तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद हुआ है। वहीं एक अभियुक्त मौके पर फायदा उठाकर फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया।
