भिंड में भीषण हादसा, डंपर और टेंपो में टक्कर, 6 की मौत

मध्य प्रदेश के भिंड में सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. वहीं, करीब 12 लोग घायल हो गए. हादसा इतना भयानक था कि मौके पर सड़क का रंग खून बहने की वजह से लाल हो गया था. हादसे के वक्त ही 6 लोगों ने दम तोड़ दिया था. हालांकि, इसमें घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. घटना भिंड में नेशनल हाईवे नंबर 719 पर देहात थाना क्षेत्र के जवाहरपुरा में हुई. इस हादसे में बड़े डंपर ने टेंपो में टक्कर मार दी. इस हादसे में टेंपो के अलावा दो बाइक सवार भी चपेट में आए.सुबह 4 बजकर 40 मिनट का समय था. एनएच 719 पर देहात थाना क्षेत्र के जवाहरपुरा में अचानक एक डंपर ने टेंपो में टक्कर मार दी. इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. लोग इधर-उधर भागते नजर आए. कुछ वहीं सड़क पर गिर गए और दम तोड़ दिया. इस भीषण सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं

गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल में भेजा

गंभीर रूप से घायलों को भिंड जिला अस्पताल से ग्वालियर के लिए रेफर किया गया है. मृतक एक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहे थे. ये लोग भवानीपुरा के बताए जा रहे हैं. आज सुबह इटावा की ओर से बड़े डंपर (ट्रोला) ने टेंपो वाहन में टक्कर मारी थी, इस भीषण टक्कर में बाइक पर सवार दो लोग भी चपेट में आए. इस हादसे पर सीएम मोहन यादव ने दुख जताया है. साथ ही मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि, गंभीर घायलों को 1-1 लाख एवं सामान्य घायलों को 50-50 हजार की राशि देने के निर्देश दिए हैं.

भिंड जिले अंतर्गत जवाहरपुरा गांव के नजदीक नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत ही दुखद है। मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनके समुचित उपचार की व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन को निर्देशित किया जा चुका है। सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि, गंभीर घायलों को 1-1 लाख एवं सामान्य घायलों को 50-50 हजार की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।

बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।

                                                                                (मोहन यादव)   सीएम,मध्य प्रदेश 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *