ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
आग बुझाने में एक व्यक्ति गम्भीर रुप से घायल
कंपिल, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से आठ घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गयी व मवेशी झुलस गए। ग्रामीणों ने मिट्टी, पंप सेट व दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस व तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। आग बुझाते समय एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।

क्षेत्र के गांव रौकरी निवासी नेम सिंह के घर में शुक्रवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गयी। घटना के समय नेम सिंह परिवार के साथ खेत पर काम कर रहे थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जबतक ग्रामीण कुछ समझ पाते तबतक आग ने पड़ोसी विनय, शेर सिंह, गुड्डी देवी, फूलचंद्र, ओमकार, प्रवीन व भाग्यवती के घर को भी अपनी जद में ले लिया। आग से नेम सिंह की दो बाइक, एक पंपसेट, मवेशी, ग्रहस्थी का सामान, अनाज, भूसा, नगदी व अन्य सभी लोगों का ग्रहस्थी का सामान, अनाज, भूसा नगदी आदि जलकर नष्ट हो गयी। ग्रामीणों ने मिट्टी, पानी, पम्पसेट, दमकल की मदद से करीब दो घण्टे बाद आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप कुमार कंचन ने जांच पड़ताल की। नायब तहसीलदार मनीष वर्मा, हल्का लेखपाल सुधीर पाठक ने गांव पहुंच अग्नि पीडि़तों से जानकारी कर क्षति का आंकलन किया। पीडि़तों के अनुसार लगभग पंद्रह लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
