उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग, 25 लोगों की मौत, पीएम व राष्ट्रपति ने जताया दुख

समृद्धि न्यूज। गोवा के उत्तरी इलाके में शनिवार देर रात एक नाइटक्लब में आग लग गई। इस हादसे में कम से कम २५ मौतों की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि आग सिलेंडर द्बक्तटने के बाद लगी थी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि मरने वालों में ज्यादातर क्लब के किचन वर्कर थे, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं।

उन्होंने बताया कि मरने वालों में तीन से चार टूरिस्ट भी थे। निवासियों के बयान के बाद जांच एजेंसियां अब अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही हैं, जिनमें पटाखों या सेलिब्रेशन के लिए रखे गए रसायनों से आग भडक़ने की आशंका शामिल है। गोवा पुलिस के मुताबिक, नॉर्थ गोवा के अरपोरा में रोमियो लेन के पास बिर्च में भीषण आग लग गई, जिससे 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 4 टूरिस्ट थे, 14 स्टाफ मेंबर थे और 7 की पहचान अभी नहीं हो पाई है। 6 लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।

बर्च बाय रोमियो लेन रेस्टोरेंट डांस और नाइटक्लब है। यहां आने वाले पर्यटक म्यूजिक और देर रात पार्टी एंजॉय करने के लिए आते हैं। ये भारत का पहला आइलैंड क्लब है।

यानी ये चारों तरफ से पानी से घिरी हुआ है। ये पानी आरपोरा नदी का है। पानी के बीच स्थित होने की वजह ये बिल्कुल आईलैंड जैसा फील देता है, मानों ये भारत में नहीं बल्कि किसी और द्वीप में मौजूद हो। कुछ अधिकारियों का यह भी कहना है कि आग का फैलाव एलपीजी सिलिंडर विस्फोट जैसी स्थितियों जैसा प्रतीत हो रहा है, इसलिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गोवा सरकार और मुख्यमंत्री ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

सुरक्षा मानकों के उल्लंघन, खतरनाक सामग्री के भंडारण और नाइटक्लब में सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी विस्तार से जांच की जाएगी। इस भयावह घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और उनकी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिनके प्रियजनों की इसमें जान गई। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वे गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात कर चुके हैं और राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की भी कामना की।

इतना ही नहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने गोवा के अर्पोरा में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। पीएमओ की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। केंद्र सरकार ने कहा कि इस दुख की इस घड़ी में वह पीडि़त परिवारों के साथ खड़ी है। वहीं राष्ट्रपति ने इस घटना पर दुख जताते हुए लिखा नॉर्थ गोवा जिले में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कई कीमती जानें गईं। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *