फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शुक्रवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के ढिलवाल रोड पर बघार तिराहा स्थित एक पैलेस में अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के तत्वाधान में एक राष्ट्र एक चुनाव पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत एवं विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने प्रबुद्ध जनों को संबोधित किया।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा भारत को विकसित करने के लिए एक राष्ट्र एक चुनाव होना आवश्यक है, यह मुद्दा किसी विशेष पार्टी और व्यक्ति का नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के नव निर्माण के लिए जरूरी है। भारत में समय-समय पर विधानसभा और लोकसभा के चुनाव अलग-अलग होते हैं। जिसके कारण अत्यधिक समय की बर्बादी एवं अत्यधिक पैसा खर्च होता है, एक साथ लोकसभा और विधानसभा के चुनाव होने से विकास की गति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। एक मजबूत लोकतंत्र का निर्माण तभी हो सकता है जब विकास की गति में किसी भी प्रकार की कोई रुकावट ना आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की यह एक अच्छी पहल है। समाज में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्ध जनों के बीच इस पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए, ताकि भविष्य में यह देश एक राष्ट्र व एक चुनाव की तरफ आगे बढ़े। जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने कहा वन नेशन वन इलेक्शन यह एक गंभीर विषय है। भारत सरकार द्वारा यह एक विचाराधीन प्रस्ताव है। जिस पर एक सार्थक चर्चा के लिए गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। एक राष्ट्र एक चुनाव कराने से केंद्र के राजकोष की बचत होगी। अलग-अलग चुनाव होने के कारण समय-समय पर राज्यों में आचार संहिता लागू होती है और यह परिणाम आने तक जारी रहती है ऐसे में इससे विकास परियोजनाओं में देरी होती है। चुनाव के दौरान आचार संहिता के क्रियान्वयन से नियमित प्रशासनिक गतिविधियों रुक जाती हैं। यह एक जन आंदोलन का मुद्दा है। लोधी कल्याण महासभा के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम वर्मा ने कहा भारत को विकसित राष्ट्रों की सूची में लाने के लिए एक राष्ट्र एक चुनाव जरूरी है। डा0 भूदेव सिंह राजपूत ने कहा सरकारी खजाने का 30 प्रतिशत खर्च इससे बचाया जा सकता है विपक्ष इस पर चर्चा से भाग रहा है। संचालन डीएस राठौर ने किया। इस अवसर पर अनूप मिश्रा, अनिल कश्यप, ईश्वर दयाल राजपूत, रजनीश राजपूत, धर्मेंद्र राजपूत, विनोद राजपूत, कौशल राजपूत, अमित राजपूत, पुष्पेंद्र राजपूत, राम लड़ैते राजपूत, श्वेता दुबे, धीरेंद्र वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
भारत को विकसित करने के लिए एक राष्ट्र एक चुनाव जरुरी: मुकेश राजपूत
