हलिया (मिर्ज़ापुर): लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा पुलिस चौकी क्षेत्र के सेमरी गांव में बुधवार शाम को गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब में कमल का फूल तोड़ने के लिए गए किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सेमरी गांव निवासी दिलीप कुमार विश्वकर्मा का 16 वर्षीय पुत्र रंजीव कुमार परिवार के अन्य बच्चों के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित तालाब में कमल का फूल तोड़ने गया था। जहां फूल तोड़ने के दौरान गहरे पानी जाने से डूब गया।साथ में गये अन्य बच्चों ने भागकर परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर परिजन तालाब पर पहुंचे और किशोर गहरे पानी से बाहर निकाला। लेकिन तबतक किशोर की मौत हो चुकी थी। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। बबुरा भैरोदयाल डा रामखेलावन इंटर कालेज में नौवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
