ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा,जिपस लालाराम राजपूत की मौजूदगी में शव को दोबारा ले जाया गया अस्पताल
(हरदोई से संतोष तिवारी की रिपोर्ट)
हरदोई, समृद्धि न्यूज। शाहाबाद कोतवाली में किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में बंद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।वहीं परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्यवाही की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दी।
रवि पुत्र रामराज निवासी अहमदनगर को पुलिस किशोरी को भगा ले जाने के मामले में थाने लाई थी।परिजनों का आरोप है कि पिछले 5 दिन से वह पुलिस हिरासत में था। रविवार शाम को साढ़े छह बजे परिजन उसे खाना देकर घर लौटे ही थे कि एक घंटे बाद पुलिस ने फोन पर उन्हें तत्काल थाने बुलाया। परिजनों के पहुंचने से पहले ही पुलिस रवि को लेकर शाहाबाद अस्पताल पहुंची।जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।आरोप है कि मृत घोषित होने के बाद पुलिस शव को अस्पताल से लेकर लगभग एक घंटे तक वाहन में घुमाती रही,जिससे स्थिति और संदिग्ध हो गई।घटना की जानकारी होते ही ब्लॉक प्रमुख शाहाबाद त्रिपुरेश मिश्रा और जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत थाने पहुंचे।दोनों भाजपा नेताओ की 3 घण्टे की जद्दोजहद के बाद हल्का दरोगा 2 सिपाही,किशोरी के परिजन ब अन्य दोषी पुलिस कर्मियों के बिरुद्ध हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।घटना की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई।देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण,महिलाएं और युवक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व निजी वाहनों से कोतवाली आ पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए हाईवे जाम करने की कोशिश की।स्थिति को संभालने के लिए एएसपी पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह और एसपी नीरज कुमार जादौन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस का कहना है कि युवक ने कोतवाली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।वहीं मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक क़ो पुलिस ने पीट पीट कर मार डाला।
मृतक के पिता दी तहरीर
मृतक के पिता रामराज पुत्र रामसजीवन निवासी अहमदनगर ने उच्च पुलिस अधिकारियों को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनका बेटा रवि निर्दोष था,जिसे 5 दिन से कोतवाली में हिरासत में रखकर अमानवीय तरीके से पीटा गया। बताया कि 31 अगस्त की शाम 6:30 बजे वह रवि को खाना देकर देकर आए तब वह स्वस्थ था।एक घंटे बादअचानक कोतवाली से सिपाही मंजेश ने सूचना दी कि आपका बेटा बीमार है जल्द आ जाओ। ज़ब रवि के पिता कोतवाली पहुंचे तो उन्हें बेटा दिखाई नही दिया,दरोगा बरुण कुमार ने बताया तुम्हारे बेटे ने आत्म हत्या कर ली। और वह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहाबाद में मृत अवस्था में पड़ा है।तहरीर में परिजनों ने साफ कहा है कि यह हत्या पुलिसकर्मियों की पिटाई से हुई है।
