घर से टहलने निकला युवक चार दिन से लापता, अनहोनी की आशंका

 शराब की दुकान के कैमरे में कैद हुआ युवक, दो युवक हिरासत में
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम गूजरपुर पमारान में एक युवक के लापता होने से हडक़ंप मचा हुआ है। युवक रविवार शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब है। चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। जिससे परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है और अनहोनी की आशंका गहराती जा रही है।जानकारी के अनुसार गांव निवासी ओमवीर राठौर (27) पुत्र पेशकार जो कुछ समय पहले ही हरिद्वार की एक निजी कंपनी से छुट्टी लेकर घर आया था। रविवार शाम को घर से टहलने के लिए निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले खुद युवक की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद मंगलवार को अमृतपुर थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजनों के अनुसार ओमवीर रविवार को पहले लेंटर डालने वाली मशीन पर काम करने गया था। फिर बाजार से सब्जी लेकर घर आया और कपड़े उतारकर तौलिया लपेटकर टहलने के लिए निकल गया था। देर रात तक जब वह नहीं लौटा, तो परिजन चिंतित हो उठे। थाना प्रभारी मोनू शाक्या व हलका इंचार्ज सूरज सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को पुलिस टीम ने सरकारी देशी शराब की दुकान पर लगे कैमरे की जांच की। जिसमें ओमवीर आसमानी रंग की शर्ट व पैंट तथा चप्पल पहने दिखाई दे रहा है। हालांकि परिजन दावा कर रहे हैं कि वह घर से तौलिया और बनियान में निकला था। इससे मामले में रहस्य और भी गहरा गया है। पुलिस ने युवक को अंतिम बार देखे जाने वाले क्षेत्र के आसपास की दुकानों के कैमरे भी खंगाले हैं। फिलहाल युवक के गायब होने की गुत्थी नहीं सुलझी है। पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है। गायब ओमवीर तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उसकी पत्नी गर्भवती है और परिवार में उसकी मां राजवती, बहन व छोटे भाई बेसुध हालत में हैं। परिजन तालाब, कुएं और सूनसान स्थानों पर लगातार तलाश कर रहे हैं। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अजय वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *