श्रावण मास की सकुशल संपन्नता को लेकर एडीजी जोन ने संभाली कमान।

मातहत अधिकारियों को दिए सख्त व आवश्यक दिशा निर्देश।

लखनऊ समृद्धि न्यूज ।बीती चार जुलाई से शुरू हुए श्रावण मास कि सकुशल संपन्नता को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन पीयूष मोर्डिया ने कमान संभाली है। उनकी ओर से जोन से संबंधित जिलों के पुलिस प्रभारियों को सख्त व आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।इस निर्देश पत्र में यह बताया गया है कि गत चार जुलाई से शुरू हुआ श्रावण मास आगामी 31 अगस्त तक चलेगा।श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व आगामी 16 जुलाई को मनाया जाएगा।इस अवसर पर शिव भक्त/कांवड़िए हरिद्वार (उत्तराखंड)सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों से गंगा नदी व अन्य पवित्र नदियों से जल भर कर विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक,पूजा,अर्चना करते हैं।श्रावण शिवरात्रि के परिपेक्ष में जलाभिषेक हेतु लगभग दो सप्ताह पूर्व कांवड़ियों/शिव भक्तों का आवागमन प्रारंभ हो जाता है‌ इसके दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन पियूष मोर्डिया की ओर से जोन के सभी जिलों को श्रावण मास/कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं।इन निर्देशों के अंतर्गत मातहतों को निर्देशित किया गया है कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कावड़ यात्रा,मार्गो की मरम्मत कराकर सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कावड़ यात्रा के मार्गों की साफ सफाई तथा गूलर के पेड़,झाड़ियों की कटाई का कार्य समय से पूर्ण कराई जाए।नगर निगम/नगर पालिका आदि विभागों से समन्वय स्थापित कर कांवड़ मार्ग पर अस्थाई शौचालय/स्वच्छ पेयजल की भी व्यवस्था की जाए।कांवड़ यात्रा के मार्ग पर स्थित होटलों/ढाबों व अन्य दुकानों में रेट लिस्ट प्रदर्शित कराई जाए तथा अधिक शुल्क रोकने हेतु खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग आवश्यक कार्रवाई करे।कांवड़ शिविर सड़क से बीस फीट दूर बनाई पट्टी पर लगाए जाएं तथा बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर सुरक्षित किए जाएं जिससे कोई विद्युत जनित घटना न घटित हो।रेलवे क्रॉसिंग पर भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने व मार्ग में पड़ने वाली स्ट्रीट लाइटें को सही करा ली जाएं।मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापित करा लिए जाए तथा ड्रोन कैमरा से निगरानी कराई जाए।कावड़ यात्रा मार्ग पर खुले में मीट बिक्री व शराब की दुकानों को बंद करा दी जाएं।अभिसूचना, एटीएस,एसटीएफ व सीमावर्ती राज्यों से समन्वय स्थापित कर संबंधित सूचनाओं का आदान प्रदान करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए।कावड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कोई घटना न घटित होने पाए,इसके दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरती जाए तथा सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए।मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की संवेदनशीलता के दृष्टिगत समुचित पुलिस प्रबंध कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। समीपवर्ती राज्यों से समन्वय स्थापित कर वैकल्पिक मार्गों का चिन्हीकरण करते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान बनाकर उसका क्रियान्वयन कराया जाए तथा यातायात डायवर्जन प्लान का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। डम्पर,दोपहिया व चार पहिया वाहन,कंटेनर,ट्रक,डग्गामार बस, स्थानीय वाहन चालकों को डायवर्जन प्लान से व्यापक प्रचार प्रसार से सूचित कराया जाए तथा डायवर्जन प्लान सीमावर्ती जिलों से साझा कर उचित व्यवस्था कराई जाए।परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर रोडवेज गाड़ियों का भी यथा आवश्यकता रूट डायवर्जन का पालन कराया जाए।कावड़ियों को अपने साथ पहचान पत्र लेकर चलने हेतु प्रेरित किया जाए जिससे अराजक तत्व कांवरियों के छद्म भेष में कांवड़ यात्रा में सम्मिलित होकर किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना कारित न कर सकें। कानून एवं व्यवस्था संबंधी सूचनाओं के आदान प्रदान हेतु अंर्तराज्यीय समन्वय स्थापित कार्रवाई कराई जाए।इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित कर कांवड़ यात्रा की सीसीटीवी कैमरे से लाइव फीड नियमित रूप से चेक किया जाए।कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे निर्धारित मानक के अनुरूप बजाने हेतु कांवरियों को प्रेरित किया जाए निर्धारित किया जाए।शांति समिति/संभ्रांत व्यक्तियों की बैठक कर सकुशल व शांतिपूर्ण रूपरेखा तैयार कर ली जाए। आवश्यकतानुरुप मेडिकल हेल्प सेंटर की भी व्यवस्था की जाए। एंटी वेनम की विभिन्न स्थानों पर व्यवस्था की जाए।सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों जैसे फेसबुक/इंस्टाग्राम/टि्वटर/ व्हाट्सएप आदि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए।असत्य व भ्रामक सूचना तथा पुराने वीडियो प्रसारित होने पर उसका प्रभावी खंडन किया जाए।डिजिटल वॉलिंटियर्स को सक्रिय किया जाए तथा नदी घाटों पर गोताखोर बोर्ड उपकरण आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *