पॉश कालोनी आवास विकास में अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का हंटर

 चेहरे देख-देखकर हटाया गया अतिक्रमण, छुटभैया दुकानदारों ने जताया रोष
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शहर की पॉश कालोनी आवास विकास में अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का हंटर चला। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान छुटभैया दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। जेसीबी ने प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण की जद में आने वाले टीनशेड, खोखे को हटाया।
जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के बाद शुक्रवार को आवास विकास कालोनी में अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, क्षेत्राधिकारी ऐश्वया उपाध्याय के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान जेसीबी ने अवैध रुप से प्रतिष्ठानों के बाहर टीनशेड आदि डालकर अतिक्रमण किये दुकानदारों के अतिक्रमण हटा दिये। इस दौरान कर्मचारियों को दुकानदारों के कोप का भी भाजन बनना पड़ा, लेकिन उनकी प्रशासन के आगे एक नहीं चली। अभियान के दौरान कई जगहों पर बने कच्चे-पक्के निर्माण, शेड, दीवारें और अस्थायी ढांचे जेसीबी से ढहाए गए। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। जिससे अतिक्रमणकारी ज्यादा विरोध करने का साहस नहीं जुटा सके। अधिकारियों का कहना था कि अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। जिससे प्रशासन को बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि यह अभियान केवल शुरुआत है। अब आवास विकास की पूरी जमीन का पुन: सर्वे किया जाएगा और जहां–जहां अतिक्रमण मिलेगा उसे तत्काल हटाया जाएगा। अधिकारियों ने कहाअब कोई भी व्यक्ति सरकारी भूमि पर कब्जा न करे। नियमों का उल्लंघन हुआ तो सीधे कार्रवाई होगी। क्षेत्र के कई लोगों ने प्रशासन के इस कदम का समर्थन किया है। अभियान की शुरुआत डॉ0 राममनोहर लोहिया मूर्ति के पास से हुई। सबसे पहले सूरज अल्ट्रासाउंड का एक बड़ा बोर्ड जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके बाद लोहिया अस्पताल के सामने स्थित ट्रांसपोर्ट के ढाँचे, खोखे, पटरी पर लगी दुकानें और मेडिकल, जनरल स्टोर के शेड भी हटाए गए। एक सैलून की लोहे की सीढ़ी को भी उखाडक़र ट्रैक्टर में रख दिया गया। भार्गव चश्मे की दुकान पर कार्रवाई के दौरान दो युवतियों ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके से हटाया। जिसके बाद उनका टीन शेड भी गिरा दिया गया। लगातार जारी इस कार्रवाई के कारण पूरे इलाके में हडक़ंप और तनाव का माहौल बना रहा।

विधायक के आवास के बाहर अतिक्रमण न हटाने से भडक़े दुकानदार

फर्रुखाबाद। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य के आवास विकास स्थित आवास के बाहर के अतिक्रमण को न हटाने पर दुकानदार भडक़ गये और वह विधायक के आवास के बाहर सडक़ पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना था कि यह भेदभाव नहीं चलेगा। अतिक्रमण हटाने में पारदर्शिता बरती जाये। तब अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि दो चार दिन में सभी का अतिक्रमण हटा दिया जायेगा। तब जाकर दुकानदार शांत हुए और विधायक के आवास के बाहर से हटे।

सिटी हॉस्पिटल व मनकामेश्वरम होटल के बाहर अतिक्रमण बरकरार

फर्रुखाबाद। अतिक्रमण अभियान तो चलाया गया, लेकिन चेहरे-देख-देखकर। कई प्रतिष्ठानों के बाहर अब भी अतिक्रमण आबाद है। जिससे कई दुकानदार अतिक्रमण हटाओ अभियान में पक्षपात का आरोप लगाते नजर आये। दुकानदारों का कहना था कि यदि हमेशा गरीब व्यक्ति को ही निशाना बनाया जाता है, जबकि सफेदपोश नेता अतिक्रमण करने की खुली छूट दी जाती है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *