फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में सट्टा माफिया के बजरंग रेस्टोरेंट को पुलिस की मौजूदगी में तहसीलदार सदर ने कुर्क कर सीज कर दिया। रेस्टोरेंट की कीमत करीब ३ करोड़ १५ लाख रुपये बतायी गयी है।
बताते चलें कि बीते 6 जून 2023 को शहर कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार चौबे ने कोतवाली में गैंगेस्टर का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें कहा था कि खटकपुरा निवासी हसनैन गैंग बनाकर अपने साथी गढ़ी अब्दुल मजीद खां निवासी राजू उर्फ इरशाद, बक्कास, खटकपुरा निवासी दिलशाद, चांद मियां, सरजात, सोहिल, दरीबा पूर्व निवासी गुड्डन उर्फ मनोज, जंगबाज खां निवासी पप्पू उर्फ रामप्रसाद, कुइयांबूट निवासी पारुल, खटकपुरा निवासी अशफाक, पालीवाल वाली गली भोलेपुर निवासी सर्वेश पाल व खटकपुरा के ही रोहित के साथ जुआ, सट्टे का कारोबार करता है। जिसके बाद गैंगेस्टर एक्ट में पालीवाल वाली गली भोलेपुर निवासी सर्वेश पाल के सेंट्रल जेल तिराहा रखा रोड पर बने मकान, पाल नगला स्थित एक भवन व कृषि भूमि को कुर्क किया गया था। उसी मामले में सुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने बीते 5 अगस्त 2025 को कुर्की का आदेश जारी किया था। जिसके बाद बुधवार को तहसीलदार सदर सनी कनौजिया, कोतवाल फतेहगढ़ रण विजय सिंह, विवेचक थानाध्यक्ष मऊदरवाजा बलराज भाटी की मौजूदगी में इटावा-बरेली हाईवे नरायनपुर स्थित सर्वेश पाल की पत्नी नीरज के नाम दर्ज बजरंग फेमिली रेस्टोरेंट को सीज कर दिया गया है। बताते चलें कि सट्टा माफिया सर्वेश पाल की अब तक जिला प्रशासन द्वारा करीब ६ करोड़ ५० लाख १५ हजार ९५ रुपये की सम्पत्ति कुर्क की जा चुकी है। जबकि अब तक सट्टा किंग हसनैन की 13 करोड़, 64 लाख, 77 हजार, 965 रूपये की सम्पत्ति कुर्क की गयी है।
प्रशासन का सट्टा माफिया पर चला हंटर, बजरंग रेस्टोरेंट कुर्क
