महिला से छेड़छाड़ और जानमाल की धमकी के मामले में अधिवक्ता पर मुकदमा दर्ज

 पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने शुरु की जांच, अधिवक्ता ने बताया साजिश
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम अमैयापुर में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने एक अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमैयापुर निवासी अधिवक्ता धर्मेंद्र राजपूत पुत्र सुरेंद्र राजपूत अमृतपुर तहसील में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। गांव की रहने वाली महिला सुनीता पत्नी घनश्याम ने आरोप लगाया है कि अधिवक्ता धर्मेंद्र उसे आए दिन परेशान करता था। ग्रामीणों के कहने पर कई बार उसे माफ किया गया, लेकिन उसकी हरकतें नहीं रुकीं। पीडि़ता के अनुसार बीती 17 जुलाई की रात लगभग 9 बजे वह घर पर सो रही थी, तभी अधिवक्ता ने घर में घुसकर उसे बुरी नीयत से दबोच लिया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। महिला ने घटना की शिकायत अमृतपुर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने सुनीता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी अधिवक्ता शराब पीकर आए दिन विवाद करता रहता है और गांव में अशांति फैलाता है। वहीं आरोपी अधिवक्ता धर्मेंद्र राजपूत का कहना है कि वह गांव में एक खेत की पैमाइश करवा रहे थे। जिससे कुछ लोग नाराज़ हैं और उन्हीं के द्वारा उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची जा रही है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष मोनू शाक्य ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *