बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकायें पहुंचना शुरु
जनवरी के अंत तक प्रश्न पत्र आने की भी उम्मीद
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी जनपद के ६५ परीक्षा केंद्रों की अनन्तिम सूची पर जिला स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति द्वारा आपत्तियों का निस्तारण करने के पश्चात परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची यू.पी. बोर्ड द्वारा जारी होगी, जो दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक सम्भावित है।
शिक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यू.पी. बोर्ड ने जिले के ६५ परीक्षा केंद्रों की विगत दिनों सूची जारी करने के पश्चात उस पर आपत्तियां मांगी गयी थीं। जिसका निस्तारण जिला स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति ने करके यू.पी. बोर्ड प्रयागराज को ऑनलाइन भेज दिया। इसके पश्चात माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी करेगी। जिसकी सम्भावना दिसंबर के अंतिम सप्ताह में है। बोर्ड परीक्षा फरवरी २०२६ में प्रारम्भ होगी। दूसरा कार्यक्रम जारी हो चुका है। बोर्ड द्वारा ६५ केंद्रों की अनन्तिम सूची जारी कर दी है। जिसमें ६ राजकीय इंटर कालेज, ४९ अनुदानित (सहायता प्राप्त) और १० वित्तविहीन विद्यालयों को शामिल किया गया है। केंद्रों पर छात्र-छात्राओं को भी आवंटित कर दिया गया है। बोर्ड परीक्षा हेतु राजकीय इंटर कालेज फतेहगढ़ को संकलन केंद्र और भंडारण गृह बनाया गया है। परीक्षा हेतु यू.पी. बोर्ड से उत्तर पुस्तिकायें पहुंचना शुरु हो गयी हैं। प्रथम चरण में १ लाख ९० हजार कॉपियां जिले में आयी हैं। जिन्हें जीआईसी फतेहगढ़ के भंडारण कक्ष में रखवा दिया गया है। कॉपियों की सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे व कर्मचारियों की डियूटी लगा दी गयी है।
आपत्तियों का निस्तराण होने के पश्चात अब परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी करेगा यू.पी. बोर्ड
