72 घंटे के अंदर छेदा नगला के पीडि़त को मिले न्याय: अजय कटियार

न्याय न मिलने पर थाना मऊदरवाजा का भाकियू करेगी घेराव
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। ग्राम पंचायत गुतासी के नगला छेदा में 14 जुलाई की रात्रि को विनोद पुत्र रामरहीस ने पुलिस की पिटाई एवं रिश्वत लेने से पीडि़त होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके विरोध में भाकियू जिलाध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे और मृतक के पिता रामरहीस को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। मृतक विनोद ने फांसी लगाने से पहले अपने पेंट पर सुसाइड नोट भी लिखा था। जिसमें तीन ससुराल पक्ष सहित दो पुलिस कर्मियों के भी नाम थे। इस मामले की गम्भीरता के लेकर भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अजय कटियार व संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, लक्ष्मी शंकर जोशी आदि लोगों का प्रतिनिधि मण्डल नगला छेदा पहुंचा और मृतक के पिता को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाये। जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि आदर्श थाना मऊदरवाजा में भ्रष्टाचार चरमसीमा पर है। पुलिस की प्रताडऩा से नवयुवक ने आत्महत्या कर ली है। उसके बावजूद भी पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा थाना मऊदरवाजा के थाना प्रभारी और पुलिस चौकी हथियापुर के प्रभारी पर अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है।
इतनी बड़ी रिश्वत बिना थाना प्रभारी की जानकारी के कैसे ले ली गई। दोषी पुलिस कर्मियों सहित थाना प्रभारी पर कार्यवाही होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने जिला प्रशासन को ७२ घंटे का समय दिया है। अगर दोषियों पर कार्यवाही नहीं हुई तो भाकियू अनिश्चित कालीन के लिए घेराव करने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर कृष्ण गोपाल मिश्रा, विमलेश शाक्य, अभय यादव, विजय सिंह शाक्य, संजय उर्फ बिजनेश यादव, शिवराम शाक्य, पवन जोशी, अरविंद कुमार गंगवार, बबलू जोशी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *