देश के प्रधान संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भरे हुए 147 सिलेंडरों की गन पाइंट पर लूट की ख़बर चौंकानेवाली है। जनता आपस में भाजपा सरकार का मज़ाक़ उड़ाते हुए पूछ रही है कि ये लुटेरे जाते-जाते कहीं ये कहकर तो नहीं गये हैं कि ‘होली-दिवाली’ का मुफ़्त सिलेंडर का वादा भाजपा सरकार ख़ुद पूरा करेगी या उसको भी इसी तरह ही…. भाजपा ने उप्र में क़ानून-व्यवस्था को लतीफ़ा बनाकर छोड़ दिया। गंभीर रूप से निंदनीय!: अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में चोरी की घटना सामने आई है. यहां मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव स्थित गैस सिलेंडर एजेंसी में रात बदमाशों ने धावा बोल दिया. इस दौरान गैस एजेंसी की रखवाली के लिए मौजूद कर्मचारियों को बदमाशों ने चाकू की नोक पर बंधक बना लिया. इसके बाद 147 गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. वहीं सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि बीजेपी ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लतीफा बनाकर छोड़ दिया जो गंभीर रूप से निंदनीय है. सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि देश के प्रधान संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भरे हुए 147 सिलेंडरों की गन पॉइंट पर लूट की खबर चौंकाने वाली है. गोमती जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रमोद कुमार ने बताया कि मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव स्थित गैस सिलेंडर एजेंसी से शनिवार की रात बदमाशों द्वारा 147 गैस सिलेंडर उठा ले गए। ये लूट है या चोरी इसकी जांच चल रही है। गार्ड ने चाकू दिखाकर लूट की बात कही है और उसके सिर पर भी चोट है। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव का बीजेपी पर तंज
इसके आगे अखिलेश ने अपनी पोस्ट में कहा कि जनता आपस में बीजेपी सरकार का मजाक उड़ाते हुए पूछ रही है कि ये लुटेरे जाते-जाते कहीं ये कहकर तो नहीं गए हैं कि होली-दिवाली का मुफ्त सिलेंडर का वादा बीजेपी सरकार खुद पूरा करेगी या उसको भी इसी तरह ही. अखिलेश ने कहा कि बीजेपी ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लतीफा बनाकर छोड़ दिया.
