हरदोई , समृद्धि न्यूज। जनपद के ब्लॉक शाहाबाद की ग्राम पंचायत आगापुर सरदारनगर में पिछले पांच वर्षों के विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा विकास कार्यों के नाम पर 50 लाख रुपये से अधिक की धनराशि निकाली गई,लेकिन धरातल पर काम कहीं दिखाई नहीं पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने अपने निजी आवास के सामने तो इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण करा लिया,लेकिन गांव के आम लोगों के दरवाजे तक विकास नहीं पहुंच पाया। गांव में जगह-जगह टूटी हुई नालियां जस की तस पड़ी हैं।
फर्जीवाड़ा: कागजों पर काम, धरातल पर सन्नाटा,
आरोपों के मुताबिक कागजों पर कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये का भुगतान दिखाया गया है,जिनमें होम पाइप, सामुदायिक शौचालय और कैमरा रिपेयरिंग,पंचायत गेट कुआं पीक शॉट जैसे कार्य शामिल हैं।ग्रामीणों का कहना है कि इन मदों में कोई वास्तविक काम नहीं हुआ है।
एक और गंभीर अनियमितता में, गांव की मुख्य सड़क जिसे इंटरलॉकिंग से बनाया जाना था।उसे प्रधान ने कथित तौर पर पुरानी ईंटों से ऐसे ही बराबर कराकर फोटो डालकर पैसा निकाल लिया जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ।
आवास योजना में भी कमीशनखोरी के आरोप,
सरदारनगर निवासी रामवीर,बबलू, रामस्वरूप,संतराम,छोटेलाल,सत्यवीर सिंह आदि ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिन लोगों को आवास आवंटित हुए,उनसे प्रधान द्वारा आधा-अधूरा पैसा ले लिया गया। यहां तक कि लेबर का पैसा अपने आप निकाल लिया और एक ही व्यक्ती को आवास और कैटल शेड दे दिया और आवासों के सामने बरामदे का लिंटर तक नहीं पड़ पाया है।
जनता पूछ रही है सवाल,
आगापुर सरदार नगर के दर्जनों लोगों ने शपथ पत्र के माध्यम से डीएम से शिकायत कर जिम्मेदारों से सवाल कर रही है कि पिछले 5 सालों में विकास कार्यों के लिए सरकारी खजाने से निकाली गई 50 लाख रुपये से अधिक की राशि आखिर कहां खर्च हुई है? ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
