नहीं हो सकी युवती की शिनाख्त, एएसपी व फील्ट यूनिट टीम ने की जांच पड़ताल
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम महमदपुर गढिय़ा में एक पुल के नीचे खून से सनी अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला। युवती की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। युवती काले रंग का लोअर, स्पोर्ट शूज और काला सुनहरा छींटदार टॉप पहने थी। उसके पास कोई भी ऐसा दस्तावेज या पहचान चिन्ह नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। न तो शरीर पर कोई टैटू है और न ही कोई आभूषण। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय कुमार सिंह फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र कराए। प्रारंभिक जांच में युवती की मौत को आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
गांव के प्रधान हाकिम ने बताया कि बदनपुर निवासी एक मानसिक रूप से विक्षिप्त वृद्ध के लापता होने की सूचना पर परिजन उनकी तलाश में निकले थे। इस दौरान महमदपुर पुल के नीचे तालाब में एक शव दिखाई पड़ा। जिसे नजदीक जाकर देखने पर युवती का निकला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। महिला पुलिसकर्मी द्वारा युवती के कपड़े और शरीर की तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी पहचान से जुड़ा सुराग नहीं मिला। शव मिलने की सूचना पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इक_ा हो गए। पुलिस ने भीड़ से युवती की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर जांच जारी है।
पुल के नीचे खून से लथपथ मिली 18 वर्षीय युवती की लाश, इलाके में सनसनी
