बरसी की दावत खाने गये वृद्ध की ईंट से कुचलकर हत्या, बंबा में पड़ा मिला शव

अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ ने पहुंचकर की जांच पड़ताल परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बरसी की दावते खाने गये वृद्ध की ईंट से कुचलकर व गला कसकर हत्या कर दी गयी। उधर, घर न पहुंचने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की तो सुबह वृद्ध का शव बंबा में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किये। मृतक के परिजनों ने हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम अदिउली निवासी 62 वर्षीय चन्द्रपाल सिंह पुत्र स्व0 बाबू सिंह बीती रात करीब 9 बजे गांव के निकट एक गेस्ट हॉउस में संग्राम सिंह की बरसी की दावत खाने गये थे। वापस न लौटने पर मृतक की पत्नी सरोज कुमारी ने परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

परिजन रविवार सुबह चन्द्रपाल को ढूंढने गये, तो गांव के निकट ग्राम बाबरपुर पानी टंकी के निकट बंबा में वृद्ध का शव पड़ा मिला। सिर को ईंट से कुचलकर हत्या की गयी थी तथा मृतक की बनियान से ही उसका गला कसा गया था। शव देखते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर मऊदरवाजा प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक डा0 संजय कुमार, सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने पहुंचकर जांच पड़ताल की व परिजनों से पूछताछ की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किये। मृतक की पत्नी सरोज कुमारी, पुत्र आकाश, विजय प्रताप व पुत्री पूनम आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक शराब पीने का आदी था। परिजनों ने हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *