अराजकतत्वों ने तोड़ीं पानी पीने की टोंटियां

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बीते दो दिन रहे अवकाश के दौरान अराजकतत्वों ने विद्यालय में पानी पीने के लिए लगी टोंटियां तोड़ दीं। जब सोमवार को प्रधानाध्यापक विद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने टूटी टोंटियां देख थाने में तहरीर दी।
जानकारी के अनुसार कस्बा नवाबगंज के प्राथमिक विद्यालय में शनिवार और रविवार की छुट्टी थी। इस दौरान किसी अराजकतत्व ने विद्यालय में पानी पीने के लिए लगीं टोंटियां तोड़ दीं। सोमवार को विद्यालय खुलने पर जब प्रधानाध्यापक संजीव रंजन विद्यालय पहुंचे, तो उन्हें सभी टोंटियां टूटी मिलीं। प्रधानाध्यापक ने भविष्य में किसी अनहोनी घटना की आशंका के मद्देनजर सहायक अध्यापक प्रशांत कटियार, सहायक अध्यापक प्रज्ञा नंदिता के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्रधानाध्यापक को जांच कर कार्यवाही करने की बात कही। प्रधानाध्यापक का कहना है कि टोंटियां टूटी होने से टंकी पूरी तरह से खाली थी। बच्चों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, इसलिए नई टोंटियों को लगवाकर पानी की टंकी को पुन: भरा गया। तब कहीं जाकर बच्चे पानी पी सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *