कायमगंज, समृद्धि न्यूज। ब्लाक कायमगंज की ग्राम पंचायत लोधीपुर के मजरा ढुडिय़ापुर निवासी आरती पुत्री प्रमोद कुमार ने उपजिलाधिकारी रवीन्द्र सिंह को शिकायती पत्र देकर कहा है कि उसने अपनी ग्राम पंचायत के ग्राम मानिकपुर में ऑगनवाड़ी कार्यकत्री के पद पर आवेदन किया था। साथ ही 35 अन्य अभ्यार्थियों ने भी आवेदन किये थे, परन्तु शैक्षिक योग्यता के हिसाब से आरती वरीयता क्रम में सबसे ऊपर थी, किन्तु उक्त पद पर उसका चयन न करके मात्र इण्टरमीडिएट उत्तीर्ण विधवा महिला सविता शर्मा पत्नी स्व0 अशोक कुमार का चयन कर लिया गया। उक्त महिला अपनी ससुराल में भी नहीं रहती और अपने मायके ग्राम लखनपुर फर्रुखाबाद में रहती है। आरती का उपरोक्त पद पर सबसे अधिक शैक्षिक योग्यता रखने के बावजूद भी चयन नहीं किया गया और चयन समिति के पदाधिकारियो ने धांधली कर एवं आर्थिक लाभ लेकर उक्त महिला सविता शर्मा का वरीयता क्रम में न होते हुए भी चयन कर लिया गया। जिससे आरती के हित प्रभावित हुए हैं। न्यायहित में उक्त प्रकरण की जाँच कराकर निष्पक्ष चयन किया जाना अति आवश्यक है।
