फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कायमगंज स्थित दि किसान सहकारी चीनी मिल की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में पिछली वार्षिक सामान्य निकाय बैठक की कार्यवाही की पुष्टि पर विचार किया गया। इसके अतिरिक्त निजी क्षेत्र की चीनी मिल डीसीएम श्रीराम लिमिटेड शुगर यूनिट रूपापुर (जनपद हरदोई) से फैजबाग द्वितीय, हजियांपुर द्वितीय और नवाबगंज के गन्ना क्रय क्षेत्रों को कायमगंज चीनी मिल के लिए सुरक्षित किए जाने पर भी चर्चा हुई। भवन और कैंटीन के संचालन के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया। सत्र 2024-25 और 2025-26 के लिए बनाए गए नए सदस्यों, नाबालिगों और 12 सदस्यों को गन्ना आपूर्ति की सुविधा देने पर भी विचार किया गया। समिति द्वारा कीटनाशक, उर्वरक, जैव उर्वरक और सूक्ष्म तत्वों के विक्रय मूल्य निर्धारण पर भी चर्चा हुई। जिसमें समिति का मार्जिन शामिल था। वर्ष 2024-25 के आय-व्यय और लाभ हानि के अनुमोदन के साथ-साथ, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए संघ द्वारा भौतिक लक्ष्यों के अनुरूप स्वीकृत बजट की पुष्टि पर भी बैठक में विचार किया गया। बैठक के दौरान उपसभापति सावन कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने चीनी मिल के महाप्रबंधक (जीएम) को मिली सरकारी गाड़ी के उपयोग पर आपत्ति जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि यह गाड़ी हर शुक्रवार को नोएडा छोडऩे जाती है और हर सोमवार को वापस लेने आती है। उन्होंने इस गाड़ी के खर्च को किस मद में डाला जा रहा है, जांच हो। पदाधिकारियों ने पिछले वर्षों की पेराई सत्र की समाप्ति पर चारों इंजीनियरों को पेड ऑफ करने की प्रथा का भी उल्लेख किया। जिससे चीनी मिल को आर्थिक लाभ होता था। हालांकि पिछले सत्र में सभी इंजीनियरों को पूरे समय का वेतन दिया गया। जिससे मिल को आर्थिक नुकसान हुआ। गन्ने की रिकवरी को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्षों में पेराई सत्र के दौरान अर्ली के साथ-साथ कई रिजेक्टेड किस्मों के गन्ने की भी पेराई की जाती थी। फिर भी रिकवरी लगभग 8 प्रतिशत के करीब आती थी, लेकिन पिछले सत्र में केवल साफ और अर्ली किस्म के गन्ने की आपूर्ति हुई, जिसके बावजूद रिकवरी को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। बैठक में मिल प्रबंधक शादाब असलम, चीनी मिल के पदाधिकारी अमरदीप दीक्षित सहित तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
एडीएम की अध्यक्षता में कायमगंज चीनी मिल की वार्षिक बैठक सम्पन्न
