आर्मी प्री प्राइमरी स्कूल फतेहगढ़ कैंट में वार्षिक खेलकूद समारोह रेडियंस का हुआ आयोजन

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आर्मी प्री प्राइमरी स्कूल फतेहगढ़ कैंट द्वारा वार्षिक खेलकूद समारोह रेडियंस का भव्य आयोजन दिनांक 10 दिसंबर 2025 को फतेहगढ़ कैंट के अंसारी कॉम्प्लेक्स में किया गया। समारोह का उद्देश्य नन्हें बच्चों की प्रतिभाएं, खेल भावना, आत्मविश्वास एवं सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।इस समारोह में लगभग 1400 बच्चों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर माइकल डिसूज़ा युद्ध सेवा मैडल कमांडेंट राजपूत रेजिमेंटल सेंटर रहे। समारोह का शुभारंभ अनुपमा डिसूज़ा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत छोटे-छोटे कदमों से आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गणेश वंदना, स्वागत नृत्य, म्यूजिक बैंड, पों-पों ड्रिल, योग ड्रिल, ज़ुम्बा, रिबन ड्रिल, शास्त्रीय नृत्य, राजस्थानी नृत्य तथा ताइक्वांडो जैसी मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी एवं कक्षा 1 व 2 के बच्चों के लिए पिक-एंड-ड्रॉप रेस, बैलून रेस, मदर-एंड-चाइल्ड रेस, लेमन-एंड-स्पून रेस तथा हर्डल रेस जैसी रोचक प्रतिस्पर्धाएँ आयोजित की गईं। समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और जिला स्तर पर ताइक्वांडो स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। बच्चों के उत्साह और प्रतिभा ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को अत्यंत प्रभावित किया। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर माइकल डिसूज़ा युद्ध सेवा मैडल ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली सीढ़ी है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए बच्चों को हमेशा खुशी-खुशी सीखते और खेलते रहने के लिए प्रेरित किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *