जमीन के मामले में 30 हजार की डिमांड की थी
उन्नाव, समृद्धि न्यूज। जनपद की पुरवा तहसील में एंटी करप्शन टीम ने महिला लेखपाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। तहसील परिसर में की गई कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पुरवा तहसील क्षेत्र के अकोहरी ग्राम पंचायत के एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत कर बताया गया कि लेखपाल ममता जमीन संबंधी मामले के निस्तारण के लिए 30 हजार रुपये मांग रही है। जिससे लखनऊ यूनिट की एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता के पैसे सौंपते ही टीम ने लेखपाल को पकड़ लिया।
टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर ममता को पूछताछ के लिए लखनऊ ले गई। अधिकारियों के अनुसार, उस पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मौरावां थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया जाता है कि ममता का नाम पहले भी विवादों में रहा है। एक बड़ी ग्राम पंचायत में पट्टों के आवंटन में वसूली की शिकायतें सामने आई थीं। ग्रामीणों के अनुसार, वह बिना रिश्वत लिए वह किसी का काम नहीं करती थी। तहसील में हुई इस कार्रवाई की कर्मचारियों और वादकारियों में चर्चा बनी हुई है। वही लोग भ्रष्टाचार पर इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।
