चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर अनुस्वी दीक्षित ने परिवार व जनपद का नाम किया रोशन

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर 24 वर्षीय छात्रा ने परिवार व जनपद का मान बढ़ाया है। कोतवाली फतेहगढ़ के क्षेत्र नई कॉलोनी भोलपुर निवासी अनुस्वी दीक्षित पुत्री रघवेंद्र दीक्षित ने 24 वर्ष की आयु में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि अपने पैतृक ग्राम अमृतपुर और जनपद का नाम रोशन किया है।
अनुस्वी की इस सफलता ने अपने परिवार को गर्व से भर दिया है। अपने कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर अनुस्वी ने यह मुकाम हासिल किया है। बताते चले कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा को भारत की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है और इस उम्र में इसे पास करना उनकी असाधारण प्रतिभा को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, मित्रों और परिचितों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। रघवेंद्र दीक्षित और मीना दीक्षित ने कहा कि अनुस्वी ने जिस तरह से अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता प्राप्त की है, उस पर हमें बेहद गर्व है। वह आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा बनेंगी। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि समर्पण और कठिन परिश्रम से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *