भाकियू कार्यकर्ताओं की पूर्व घोषणा से तैनात रहा भारी पुलिस फोर्स
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। शमसाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन स्वराज गुट के जिला अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा और क्षेत्रवासियों ने एक ज्ञापन सौंपा है। स्थानीय जनता में ट्रेनों के न रुकने से भारी रोष व्याप्त है।
क्षेत्र के व्यापारियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेन संख्या 15040 कानपुर की ओर जाने वाली और 15041 फर्रुखाबाद से कासगंज की ओर जाने वाली के ठहराव की पुरजोर मांग की है। वर्तमान में सुबह 7:15 बजे फर्रुखाबाद से कासगंज की ओर जाने वाली एक्सप्रेस 15041 और सुबह 10:30 बजे कानपुर की ओर जाने वाली एक्सप्रेस 15040 शमसाबाद स्टेशन पर नहीं रुकती हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शमसाबाद स्टेशन एक बड़ी आबादी के लिए यातायात का मुख्य केंद्र है। इस रूट पर चलने वाली अन्य सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव यहां दिया गया है, लेकिन इन दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के न रुकने से लखनऊ, कानपुर, कन्नौज और कासगंज जैसे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि इस समस्या के कारण छात्र-छात्राएं जो उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों में जाते हैं, व्यापारी जिनका व्यापारिक आवागमन बाधित हो रहा है और आपातकालीन चिकित्सा के लिए लखनऊ या कानपुर जाने वाले मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्हें ट्रेन न मिलने से काफी परेशानी होती है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार यदि इन ट्रेनों का ठहराव शमसाबाद में सुनिश्चित किया जाता है, तो यात्रियों को किफायती और सुरक्षित यात्रा मिलेगी। वहीं यात्रियों की संख्या बढऩे से रेलवे विभाग को भी अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति होगी। जिससे क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास संभव हो सकेगा। क्षेत्र की जनता ने रेल मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों से जनहित में जल्द से जल्द इन ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। यह ज्ञापन भारतीय किसान यूनियन स्वराज गुट के जिला अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने आरपीएफ इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीना, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर रिपु दमन सिंह और थाना नवाबगंज के इंस्पेक्टर विजय कुमार की मौजूदगी में स्टेशन मास्टर अरुण कुमार को सौंपा। इस दौरान किसान यूनियन कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, शमशाबाद नगर प्रभारी सलमान खान, पप्पू राठौर, आदेश यादव सहित लगभग आधा सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की माँग को लेकर क्षेत्रवासियों ने सौंपा ज्ञापन
