सीपी मेमोरियल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का विजेता बना आर्मी पब्लिक स्कूल

रंगारंग कार्यक्रम का हुआ आयोजन, बाल दिवस पर लगाये गये स्टॉल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सीपी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल ने सीपी इंटरनेशनल स्कूल को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। जिलाधिकारी डॉ0 वीके सिंह ने फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया और खेल को सफलतापूर्वक संपन्न करने में सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिता में विजेता टीम आर्मी पब्लिक स्कूल को 15 हजार रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सीपी इंटरनेशनल स्कूल को 7 हजार रुपये का चेक और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। निर्देशिका डॉ0 मिथिलेश अग्रवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर ज्योत्स्ना अग्रवाल, उपनिदेशिका अंजू राजे और प्रधानाचार्य संजय बिष्ट ने डीएम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
स्काउट और गाइड के बच्चों ने मुख्य अतिथि का प्रवेश द्वार पर सैल्यूट एवं स्काउट ताली से स्वागत किया। डीएम ने कहा कि खेल न केवल सद्भावना को बढ़ावा देते हैं, बल्कि मानसिक और शारीरिक विकास में भी सहायक होते हैं। निर्देशिका डॉ0 मिथिलेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उपनिदेशिका अंजू राजे ने खेलों के महत्व पर जोर दिया। प्रधानाचार्य संजय बिष्ट ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। छोटे बच्चों ने सुंदर गीत और नृत्य प्रस्तुतियां दीं। जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। लकी ड्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अविघ्न मिश्रा ने प्रथम पुरस्कार के रूप में रेफ्रिजरेटर जीता, अंशुमान शुक्ला ने एलईडी जीती, जबकि प्रांजल दुबे को वाशिंग मशीन मिली। कई बच्चों ने विभिन्न छोटे-छोटे पुरस्कार जीतकर खुशी का अनुभव किया। बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय द्वारा बाल मेले का भी आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों और अभिभावकों ने विभिन्न प्रकार की दुकानों का आनंद लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य योगेश तिवारी, प्रधानाचार्य आरके बाजपेई के अलावा संदीप द्विवेदी, अंजनी कुमार, आस्था अवस्थी, शिवा सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *