नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा की मासिक बैठक आर्य क्लीनिक नबाबगंज में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता स्वामी श्यामानंद आर्य ने की। जनपद की समस्त आर्य समाजों के प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर आर्य समाज के प्रचार-प्रसार की भावी योजनाओं पर विचार विमर्श किया। मंत्री डॉ0 शिवराम सिंह आर्य ने कहा कि वेद ज्ञान को घर-घर पहुंचना आर्य समाज का मुख्य लक्ष्य है। समाज में जहां जहां अविद्या, अंधकार, पाखंड और कुरीतियां फैलेंगी उनके निवारण के लिए आर्य समाज वहां खड़ा मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान वर्ष आर्य समाज की स्थापना का 150वां वर्ष है, ये हम सब के लिए गौरव की बात है। जिले की सभी आर्य समाज इसे भव्यता के साथ मनाएं। यशवीर आर्य ने कहा कि सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को सक्रियता से काम करने की आवश्यकता है। प्रचार के आधुनिक संसाधनों को अपनाकर गांव-गांव प्रचार की आवश्यकता है। आर्यवीर दल के अधिष्ठाता डॉ0 हरिनंदन सिंह आर्य ने कहा कि आगामी 30 अक्टूबर से दिल्ली में आयोजित अंतराष्ट्रीय आर्य महा सम्मेलन में भाग लेने के लिए जिले से युवाओं की अच्छी भागीदारी सुनिश्चित की जायेगीं। आल्हा गायक मुन्नालाल राठौर ने लोक गीतों के माध्यम से स्वामी दयानंद का गुणगान किया। डॉ0 कुलदीप आर्य ने आगामी 5, 6, 7 सितंबर से आर्य समाज कायमगंज में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव के लिए सभी को आमंत्रित किया। कोषाध्यक्ष आचार्य संदीप आर्य ने कहा कि सामाजिक कार्यों में आर्य समाज ने सदैव बढ़-चढक़र भाग लिया। उन्होंने कहा कि सभा जनपद में गंगा नदी में आई बाढ़ की विभीषिका के पीडि़तों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है शीघ्र ही बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर डॉ0 हरिओम यादव, विजय सिंह ठेकेदार, जितेंद्र सिंह आर्य, ओमदत्त शर्मा, धर्मवीर आर्य, राजीव आर्य, वीरेंद्र सिंह, डॉ0 राजेश, धनेश आर्य, सुरेंद्र आर्य, सुरेश चंद्र आर्य, शेरसिंह यादव, हरिओम शास्त्री, दफेदार आर्य आदि उपस्थित रहे।
