फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। झमाझम बारिश से रेलवे रोड की सडक़े टापू बन गयी। नालियों की सफाई न होना और रेलवे रोड का सुंदरीकरण अधर में लटके रहने के कारण बारिश होते ही सडक़ों पर पानी भर जाता है। मुख्य मार्ग पर घुटनों तक पानी भरने के कारण आवागमन कई घंटे तक अवरुद्ध रहा। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद भी अभी तक रेलवे रोड के सुंदरीकरण का कार्य शुरु नहीं किया गया है। इसका जीता जागता नजारा बरसात में देखने को मिल रहा है। पिछले दो साल से रेलवे रोड के दुकानदार सुंदरीकरण का इंतजार कर रहे है। इस संबंध में एमएलसी प्रांशुदत्त द्विवेदी को भी ज्ञापन सौंपा गया था। उन्होंने भी जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर सुंदरीकरण कराये जाने का प्रस्ताव रखा था। उसके बावजूद भी कागजों में कार्य की प्रगति रुकी हुई है। अभी तक रेलवे रोड की दुर्दशा पिछले वर्ष की तरह बनी हुई है। थोड़ी सी बारिश में नालियां बजबजाने लगती है और सडक़ों पर पानी भर जाता है। ऐसी स्थिति से दूसरे जनपद से फर्रुखाबाद की तुलना करना चांद में रोशनी दिखाने के समान है। क्योंकि अब नगर पालिकाध्यक्ष भी भाजपा में शामिल हो चुके है। अब वरीयता से बात रखने वाला विपक्ष भी नहीं है। इस मनमानी के कारण शासन-प्रशासन का भी रुख स्पष्ट नहीं दिख रहा है। ऐसे में रेलवे रोड के व्यापारी व जनता परेशानियों से जूझ रहे है।
बारिश होते ही रेलवे रोड बना टापू, सुंदरीकरण ठंडे बस्ते में
