पीस कमेटी की बैठक में एएसपी ने दी होली व ईद की बधाई

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। कोतवाली परिसर में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी होली और ईद त्योहारों को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सहयोग मांगा। वहीं व्यापारियों ने बिजली और जाम की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने होलिका दहन स्थलों पर बिजली के लटकते तारों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि अग्नि दुर्घटना न हो और बिजली आपूर्ति बाधित न हो। इस पर व्यापारियों ने बताया कि श्यामागेट की सबसे बड़ी होली के दौरान विभाग द्वारा तार हटाए जाते हैं। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने शहर की हालिया घटना का हवाला देते हुए व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने और निजी चौकीदार रखने की अपील की। व्यापारी नेताओं ने त्योहारों के मद्देनजर शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल की कुछ कमी है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि होली और ईद प्यार और मोहब्बत के त्योहार हैं इन्हें मिलजुल कर मनाना चाहिए। बैठक में क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, व्यापारी नेता मनोज कौशल, संजय गुप्ता, उमेश गुप्ता, आदेश अग्निहोत्री, अमित सेठ, सत्यनारायण वर्मा, मंसाराम गुप्ता, भाजपा नेता देवेंद्र दुबे, सागर गुप्ता, अखिलेश शर्मा, गौरव वर्मा और अजय शाक्य समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *