फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। प्राथमिक विद्यालय मदारपुर में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। शुभारंभ कायमगंज नगर पालिकाध्यक्ष डॉ0 शरद गंगवार एवं ग्राम प्रधान प्रतिमा वर्मा के संरक्षक नबाब सिंह वर्मा, विद्यालय प्रधानाध्यापक राजकिशोर शुक्ल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती प्रतिमा का माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर स्वागत गीत गाया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्राप्त 21 बच्चों को पुरस्कृत किया गया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पुरस्कार से बच्चों का मनोबल बढ़ता है। जिन बच्चों को पुरस्कार नहीं मिला उन्हें और अधिक मेहनत करनी है। मार्च में परीक्षाफल वितरण में फिर से पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम को नबाब सिंह वर्मा, खेतल सिंह, योगेन्द्र कुमार आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में सुशील चतुर्वेदी, कपिल चतुर्वेदी, पेशकार, कामिनी, सुनंदा, कोमल, आशा, उमा, विद्या, सत्यवती, निशा, नन्हें, राजू, चंद्र पाल आदि उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक राजकिशोर शुक्ल ने सभी आगन्तुकों का आभार जताया।

