लोगों को दिलायी गंगा को स्वच्छ रखने की शपथ
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा समिति के तत्वाधान में गंगा दशहरा के अवसर पर पांचाल घाट पर गंगा दूतों ने मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। जिला परियोजनाधिकारी नमामि गंगे निहारिका पटेल के निर्देशन में उपस्थित सभी युवाओं ने गंगा घाट पर भारी संख्या में आए श्रद्धालुओं को मां गंगा के पावन तट को स्वच्छ रखने एवं गंगा के जल को शुद्ध रखने के लिए जागरूक किया। युवाओं ने मिलकर गंगा घाट पर भारी मात्रा में फैली गंदगी, खंडित मूर्तियां, पॉलिथीन एवं अन्य सामग्री को साफ किया। गंगा दूतों के द्वारा घाट पर गंदगी फैलाने वाले लोगों को भी रोका गया। नाव वालों, दुकानदार, पंडित-पुजारी को भी गंगा की स्वच्छता के लिए जागरुक किया। निहारिका पटेल ने कहा कि जिस तरह हम अपनी घर में रह रही मां की सेवा करते हैं। इसी तरह से हमें अपनी गंगा मां की भी सेवा करनी चाहिए। गंगा स्नान करने के साथ-साथ गंगा के तट को पावन रखने के लिए भी ध्यान देना चाहिए। हम मनुष्यों के द्वारा ही जाने अनजाने में गंगा तट पर भारी मात्रा में गंदगी फैला दी जाती है, जिसका परिणाम है कि गंगा मां प्रदूषित होती जा रही हैं। हम सभी को मिलकर इस अभियान का हिस्सा बनकर गंगा के घाट को एवं गंगा के जल को शुद्ध रखना चाहिए। आचार्य प्रदीप नारायण शुक्ल ने कहा कि यदि इसी तरह से हम मां गंगा में गंदगी छोड़ते रहेंगे तो आने वाले समय में हमें इसके भयंकर परिणाम देखने को मिलेंगे। उपस्थित सभी लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने के लिए शपथ दिलाई गयी। इस अवसर पर रोहित दीक्षित, निशु कटियार, सुमित कुमार, विकास, हिमांशु, शिखा, नितिन गुप्ता, अंशु, सनोज आदि लोग उपस्थित रहे।
गंगा तट पर स्वच्छता अभियान चलाकर किया गया जागरुक
