अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अमृतपुर के द्वारा विकास खण्ड कार्यालय परिसर राजेपुर में आयुष आपके द्वार चिकित्सा एवं प्रकृति परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जिला विकास अधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी की उपस्थिति में दवाइयो का नि:शुल्क वितरण किया गया। उपस्थित जन समुदाय, कर्मचारियों व ग्राम प्रधानों सहित कुल 37 लोगों का प्रकृति परीक्षण कर आवश्यक परामर्श देकर उन्हें औषधियों का वितरण किया गया। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अमृतपुर में कार्यरत आयुष चिकित्सक डॉ0 शैफाली भदौरिया ने कैंप में आये हुए लोगों को दवाई वितरण करने के साथ बदलते मौसम के कारण होने वाली बीमारियों से सावधानी बरतने को कहा और दैनिक जीवन में योग अपनाने की सलाह दी। आयुष चिकित्सक डॉ0 शैफाली भदौरिया ने बताया कि सरकार कि मंशा के अनुरूप आयुष कैंप लगाए जा रहे हैं। जिनमें लोगों को आयुर्वेदिक दवाई प्रयोग करने की सलाह दी जाती है और नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। दैनिक जीवन में योग को शामिल करके बीमारियों से बचा जा सकता है। जिसके लिए सरकार के द्वारा योग प्रशिक्षक की भी व्यवस्था की गई है।
