केंद्र सरकार ने बुजुर्गों को बड़ा तोहफा दिया है. देश में अब 70 साल से ज्यादा उम्र वाले दादा-दादी को केंद्र सरकार की मुफ्त इलाज योजना का फायदा मिलेगा. आयुष्मान भारत हेल्थ स्कीम (Ayushman Bharat Yojana) में अब 70 प्लस एज ग्रुप की भी एंट्री हो गई है. इसे बुजुर्गों के लिए मोदी सरकार का बड़ा तोहफा माना जा रहा है.
केंद्र की मोदी सरकार ने बुजुर्गों को बड़ा तोहफा दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में बुजुर्गों के लिए बड़ा फैसला लिया गया है. मोदी कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, 70 साल से ऊपर के सभी बुजुर्गों को ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ का लाभ दिया जाएगा. जिसका ऐलान किया गया है. 70 साल और इससे ज्यादा उम्र के सभी सीनियर सिटीजन को इस योजना का लाभ मिलेगाय यानी अब केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए आयु सीमा को खत्म कर दिया है और 70 प्लस के हर बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख तक का स्वास्थ्य सुविधा देने का फैसला किया है। इसमें आय का कोई सीमा बंधन नहीं रहेगा. यानी 70 साल और उससे ज्यादा उम्र के सभी सीनियर सिटीजन, चाहे उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति कुछ भी हो इस योजना का लाभ उठाने के पात्र होंगे. इसकी जानकारी खुद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी. कैबिनेट बैठक के बाद अश्विनी वैष्णव ने मीडिया को बताया, ” पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रतिबद्धता जताई थी कि 70 साल से ज्यादा उम्र के सभी सीनियर सिटीजन को आयुष्मान भारत पीएम जन आरोग्य योजना में कवरेज दिया जाएगा. ऐसे कई परिवार हैं जो पहले से ही इसमें कवर रहे हैं और उनमें सीनियर सिटीजन हैं. ऐसे परिवारों में अतिरिक्त टॉप-अप कवरेज 5 लाख रुपये का होगा.” इस सुविधा के विस्तार का उद्देश्य लगभग ऐसे 4.5 करोड़ परिवारों को लाभ पहुंचाना है, जिनमें 6 करोड़ वरिष्ठ लोग शामिल हैं. उन्हें प्रति परिवार 5 लाख रुपये का निशुल्क हेल्थ बीमा कवर मिलेगा.
- आयुष्मान भारत पीएम जन आरोग्य योजना के तहत अब 70 साल से ऊपर के लोगों को भी मुफ्त इलाज दिया जाएगा. सरकार के मुताबिक, इस योजना के तहत 6 करोड़ सीनियर सिटिजंस को 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त में मिल सकेगा. इसके साथ ही उनको प्रति परिवार 5 लाख रुपये का फ्री हेल्थ इंश्योरेंस कवर भी दिया जाएगा.
- पहले से आयुष्मान भारत योजना का फायदा ले रहे परिवारों में अगर कोई भी व्यक्ति 70 साल से ज्यादा उम्र का है, तो उनको 5 लाख रुपए सालाना का अतिरिक्त टॉप-अप दिया जाएगा, ये शेयर्ड हेल्थ कवर होगा.
- जो परिवार मौजूदा समय में आयुष्मान भारत योजना के दायरे में नहीं हैं, लेकिन उनके परिवार में 70 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग हैं, तो उनको इस योजना का फायदा दिया जाएगा. बुजुर्ग शख्स को हर साल 5 लाख रुपए का शेयर्ड कवर मिलेगा.
- अगर 70 साल से ज्यादा उम्र का कोई कपल आयुष्मान भारत की इस कैटेगरी में आता है, तो 5 लाख रुपए का बीमा कवर पति-पत्नी दोनों के लिए एक ही होगा. मिडिल क्लास और अपर क्लास दोनों ही इसका फायदा ले पाएंगे.
- आयुष्मान भारत हेल्थ स्कीम का फायदा 70 साल की उम्र का कोई भी बुजुर्ग ले सकेगा, उसकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति चाहे जो भी हो. इसका उस पर कोई असर नहीं पड़ेगा. इस एज ग्रुप का हर बुजुर्ग इस योजना का फायदा लेने का पात्र होगा.
- निजी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी या कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत आने 70 साल या उससे ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिक भी AB PM-JAY के तहत फायदा लेने के लिए पात्र होंगे.
