बाइकों की आमने सामने भिड़ंत में बीटेक छात्र व डिलीवरी बॉय की मौत, एक घायल

पुलिस ने पहुंचकर की जांच पड़ताल, घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीती देर रात बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। इस भीषण दुर्घटना में दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। दुर्घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है।जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नुनहाई निवासी 24 वर्षीय संभव मिश्रा पुत्र राजन मिश्रा अपने साथी 35 वर्षीय निश्चल अग्निहोत्री पुत्र प्रदीप निवासी कादरीगेट के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान थाना कादरीगेट क्षेत्र के अनोखेलाल मिष्ठान भंडार के सामने बढ़पुर में सामने से आ रहे पिज्जा डिलीवरी बॉय 28 वर्षीय प्रवीन यादव पुत्र करी सिंह यादव निवासी तिर्वा कोठी फतेहगढ़ की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां रात करीब 12:02 बजे प्रवीन यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 2:20 बजे सूचना विभाग कर्मी के पुत्र संभव मिश्रा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक संभव उर्फ मानू मिश्रा बीटेक का छात्र था। वह दो भाईयों में दूसरे नम्बर का था। उसके पिता राजन मिश्रा सूचना विभाग में कर्मचारी हैं। मृतक संभव की माँ ममता मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं मृतक प्रवीन यादव चार भाईयों में तीसरे नम्बर का था। उसकी माँ रेशमा देवी पत्नी सविता का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। जिसमें डिलीवरी बॉय की गलती सामने आ रही है। वह तेजी से बाइक से जा रहा था। इसी दौरान वह संभव मिश्रा की बाइक से जा टकराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *