विदेशी नंबर से आया व्हाट्सएप मैसेज
सोनीपत: देश के स्टार पहलवान और अब किसान कांग्रेस के वर्किंग चेयरमैन बजरंग पूनिया को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें व्हाट्सएप मैसेज के जरिए मिली है। व्हाट्सएप पर उन्हें विदेशी नंबर से मैसेज आया है जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्हें व्हॉट्सएप पर मैसेज करके अनजान शख्स ने कांग्रेस को छोड़ देने की हिदायत दी है. व्हॉट्सएप पर आए इस मैसेज के बारे में बजरंग पूनिया ने हरियाणा के सोनीपत में पुलिस से शिकायत की है.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक बजरंग पूनिया को रविवार को एक विदेशी नंबर से व्हॉट्स एप मैसेज आया. शख्स ने बजरंग पूनिया को मैसेज में कांग्रेस पार्टी को छोड़ देने के लिए कहा है. पहलवान बजरंग पूनिया ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी जॉइन की है. उन्हें कांग्रेस पार्टी ने किसान कांग्रेस का वर्किंग चेयरमैन बनाया है. उनके कांग्रेस जॉइन करने के बाद ही उन्हें व्हॉट्स एप पर यह मैसेज मिला है. बजरंग ने पुलिस को दी शिकायत में इस बात का जिक्र किया है कि मैसेज में अनजान शख्स ने लिखा है कि वह कांग्रेस पार्टी छोड़ दें, अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो यह उनके और परिवार के लिए अच्छा नहीं होगा. उन्होंने बताया कि मैसेज में ये भी लिखा है कि अगर उन्होंने यह बात नहीं मानी तो यह मैसेज आखिरी मैसेज होगा. बजरंग ने पूरे मामले की शिकायत सोनीपत के बहालगढ़ थाने में की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
