अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। विकास खंड राजेपुर के अंतर्गत संचालित संविलियन विद्यालय कुम्हरौर का शनिवार को खंड शिक्षाधिकारी राजीव श्रीवास्तव ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्था बेहद लचर पाई गई। उपस्थिति पंजिका पर प्रधानाध्यापक आशीष कुमार के हस्ताक्षर मौजूद थे, किंतु वे विद्यालय से अनुपस्थित मिले। जब अन्य स्टाफ से उनके बारे में जानकारी ली गई, तो संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। भीषण गर्मी में विद्यालय की दुर्दशा स्पष्ट रूप से सामने आई। कई कमरों में लगे पंखे खराब पाए गए। स्थिति यह थी कि दो पंखों में केवल दो ही पंखुडिय़ां लगी थीं। छात्र-छात्राएं कक्षाओं के बाहर गर्मी में बैठे मिले और अत्यधिक गर्मी से परेशान नजर आए।
निरीक्षण के बाद खंड शिक्षा अधिकारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। विद्यालय की स्थिति ठीक नहीं मिली। प्रधानाध्यापक बिना सूचना के गैरहाजिर थे और अन्य अध्यापक स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। मिड-डे-मील में भी गड़बड़ी की आशंका है, पंखे आदि भी खराब हालत में मिले। विद्यालय में पाई गई सभी अनियमितताओं की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। विद्यालय की बदहाली और प्रधानाध्यापक की गैरहाजिरी से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय अभिभावकों में भी इसको लेकर रोष व्याप्त है।
बीईओ ने सं0वि0 कुम्हरौर का किया निरीक्षण, प्रधानाध्यापक मिले गायब
