समृद्धि न्यूज। सोना और चांदी के बाजार भाव में अप्रत्याशित वृद्धि के बीच टैक्स चोरी की आशंका को लेकर राज्य कर विभाग मुरादाबाद ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग को इनपुट प्राप्त हो रहे थे कि कुछ व्यापारी टैक्स चोरी के उद्देश्य से भारी मात्रा में सोना और चांदी की खरीद कर रहे हैं। संभल जिले में एक ज्वैलर के यहां छापा मारकर करीब 33 करोड़ रुपये की अघोषित सोना, चांदी और हीरे की ज्वैलरी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान ज्वैलर ने मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में जमा किए हैं। राज्य कर विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ व्यापारी सोना-चांदी के बढ़ते दामों का फायदा उठाकर बिना वैध कागजात के खरीद बिक्री कर रहे हैं। लगभग एक माह तक उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए सूत्र लगाए गए। चार फरवरी को मुरादाबाद जोन की प्रवर्तन विंग की 10 सदस्यीय टीम ने दोपहर करीब एक बजे ज्वैलर के शोरूम और आवास पर एक साथ छापा मारा। तलाशी की कार्रवाई लगातार 21 घंटे तक चली। पूरी तलाशी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्रवाई कैमरे की निगरानी में कराई गई। जांच के दौरान ज्वैलर शोरूम में मौजूद माल की खरीद से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। स्टॉक रजिस्टर में सिर्फ 439 ग्राम सोने की ज्वैलरी और 120 किलो चांदी की ज्वैलरी दर्ज मिली, जबकि मौके से 16.638 किलो सोने की ज्वैलरी, 875 किलो चांदी की ज्वैलरी और 34.43 कैरेट हीरा बरामद हुआ, जो स्टाक रजिस्टर में दर्ज नहीं था। लेखा-पुस्तकों से बाहर मंगाई गई इस ज्वैलरी का बाजार मूल्य लगभग 33 करोड़ रुपये आंका गया। मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये कर एवं अर्थदंड के रूप में ऑनलाइन जमा कराए गए।
संभल: राज्य कर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 33 करोड़ की ज्वेलरी सीज
