भड़ौसा में बड़ी साजिश का खुलासा, बड़ी मात्रा में फर्जी फॉर्म 7 पकड़े गए

फर्जीवाड़ा करने वालों पर हो सख्त कार्यवाही: डा0 जितेन्द्र सिंह यादव
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। प्रदेश के कई हिस्सों से फर्जी फॉर्म 7 भरकर वोट कटवाने की साजिश के प्रकरण सामने आने के बाद सपा मुखिया के निर्देश पर सक्रिय हुई। समाजवादी पार्टी ने सभी बूथों पर निगरानी बढ़ा दी है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि जो बीएलओ ऐसा कर रहे है उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाये और इसकी जांच होनी चाहिए, कि आखिर किसके इशारे पर यह काम किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि अपने-अपने बूथों की और चौकसी बढ़ा दें। जनपद की 195 भोजपुर विधानसभा के मुस्लिम बाहुल्य गांव भड़ौसा में बड़ी मात्रा में प्रिंटिड फॉर्म 7 पकड़े गए हैं। मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में सपा नेताओं ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बीएलओ से मिलकर सारे प्रिंटिड फॉर्म पकड़े और शिकायत करने वाले व्यक्ति से बात करने पर उस व्यक्ति के द्वारा ये कहा गया कि हमने कोई ऐसे फॉर्म जमा नहीं किए हैं।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पूरे प्रकरण से आज ही पार्टी नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। जिलाधिकारी से भेंटकर चल रहे फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्यवाही की मांग की जाएगी, साथ ही सभी पकड़े गए फर्जी फॉर्म और अन्य सुबूत लखनऊ भेजे जाएंगे। पार्टी को यदि प्रशासन से न्याय नहीं मिलेगा तो कानूनी सहारा भी लिया जाएगा। जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा जानकारी मिली है कि प्रत्येक बूथ पर 100 से 150 फॉर्म हर बीएलओ को वोट काटने के लिए दिए गए हैं, ये साजिश सभी यादव और मुस्लिम बूथों पर हो रही है। पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे ज्यादा लोकतंत्र का चीरहरण और क्या होगा कि लोगों को वोट डालने से ही वंचित कर दिया जाए। यदि सरकार नहीं चाहती है कि लोग वोट डाल पाएं, तो सीधा-सीधा लोकसभा में बिल ले आए कि सबसे सारी चुनावी प्रक्रिया रद्द की जाती है, और सदैव भाजपा की ही सरकार रहेगी। निवार्चन आयोग जब निष्पक्ष चुनाव नहीं करा सकता है तो क्यों ये ढोंग किया जा रहा ये बेहद निंदनीय और आपराधिक कृत्य है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, विधानसभा अध्यक्ष भोजपुर नरेंद्र सिंह यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *