बिहार विधानसभा चुनाव: 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान शुरू

समृद्धि न्यूज। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए दूसरे और आखिरी चरण का मतदान आज हो रहा है। इस बीच 3.70 करोड़ से अधिक वोटर अपने जनप्रतिनिधि के लिए वोट करेंगे। वहीं बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत पूर्णिया जिले की कुल सात विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिले के 2553 मतदान केंद्रों पर कुल 20 लाख 93 हजार 212 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। आज 69 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है।
इस अंतिम चरण के मतदान में 20 जिलों की 122 सीटों पर 1,302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। वोटिंग के लिए 45399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस बीच सभी की नजरें, गया टाउन, बेतिया, चैनपुर, चकाई, अमरपुर, छातापुर और जमुई जैसी प्रमुख सीटों पर सबकी नजर है, जहां प्रेम कुमार, रेणु देवी, जमा खान, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, नीरज कुमार सिंह, बबलू और श्रेयसी सिंह जैसे कई कद्दावर मंत्री और मौजूदा विधायक अपनी सीटें बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

अलर्ट पर है बिहार पुलिस

वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद बिहार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है। जहां चुनाव में हैं, वहां विशेष सावधानी बरती जा रही है। बिहार डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियां पहले चरण से भी ज़्यादा कड़ी हैं। जिन जिलों में मतदान होगा, उनमें से कुछ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित हैं, जैसे भारत-नेपाल सीमा से लगे सात जिले है। अंतरराज्यीय सीमा से लगे जिलों में भी चुनाव हो रहे हैं। इन राज्यों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और इन राज्यों के डीजीपी से बातचीत भी हो चुकी है।

खूब करें वोटिंग, और नया रिकॉर्ड बनाएं: पीएम मोदी

बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग से पहले मतदान की अपील करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है। सभी वोटर्स से मेरा निवेदन है कि वे इसमें बढ़-चढक़र भागीदार बनें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के अपने नौजवान साथियों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे खुद तो मतदान करें ही, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *