बिहार के दरभंगा से एक बड़ी खबर है. यहां बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या हुई है. उनका क्षत- विक्षत शव दरभंगा जिले के सुपौल बाजार में अफजला पंचायत स्थित घर के अंदर ही मिला है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने इस घटना की पुष्टि की है. वह खुद दल बल के साथ मौके पर मौजूद हैं. पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने बड़े ही दर्दनाक तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने चाकू से गोदकर जीतन सहनी की हत्या की है. चाकू भी इस तरह से गोदा गया है कि उनका पेट फट गया है और उनकी अंतड़ियां तक बाहर आ गई है. चाकू से घाव के निशान उनके हाथ और पैरों के अलावा चेहरे पर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी साफ नजर आ रहा है. पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद बताया कि यह घटना सोमवार देर रात की हो सकती है.
बिहार: VIP पार्टी के चीफ मुकेश सहनी के पिता की हत्या
