बाइक चालक ने वृद्धा को मारी टक्कर, मौत

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बाइक चालक ने वृद्धा को टक्कर मार दी। जिससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव नवादा सिरौली निवासी 70 वर्षीय शारदा देवी पत्नी नन्हें मंगलवार सुबह लगभग ६:१५ बजे शौचक्रिया के लिए सडक़ पार कर खेतों की तरफ गई थीं। वापस घर लौटते समय शारदा देवी जैसे ही सडक़ पर पहुंची, वैसे ही सिरौली की तरफ जा रहे बाइक सवार अमन ने शारदा देवी को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे शारदा देवी सडक़ पर गिरकर घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घायल महिला को देख लोगों ने आसपास के व्यक्तियों से संपर्क कर घटना की जानकारी महिला के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे पुत्र गुड्डू, राजू, मुलायम सिंह, जनवेश और कल्लू शव को देख चीत्कार करने लगे। परिजनों ने थाना नवाबगंज पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक रमाशंकर पांचाल ने शव को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पुत्र रुपेश चंद्र की तहरीर पर बाइक सवार अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *