कायमगंज, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर सैदवाड़ा निवासी मनीष गंगवार पुत्र स्व0 अशोक गंगवार बीती शाम चीनी मिल रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित दावत से वापस अपने घर लौट रहे थे। देर रात जब वह कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव पापड़ी खुर्द के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष सडक़ पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक पहचान नहीं हो सकी, लेकिन बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान मनीष गंगवार के रूप में हुई। जैसे ही हादसे की खबर परिजनों को मिलीए परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी पारुल गंगवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटे प्रांशु और बेटी काजल को अभी यह समझ भी नहीं आ रहा कि उनके सिर से पिता का साया उठ चुका है। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई। मनीष दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई चिरैया लाल सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। इलाके में बढ़ते सडक़ हादसों को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
